ऐसी है रणनीति
नागपुर से हुब्बल्ली आए 50 कार्यकर्ता शेट्टर पर रख रहे नजर
हुब्बल्ली.
हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए और हुब्बल्ली-धारवाड़ मध्य (सेंट्रल) निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर को विधानसभा चुनाव में हराने और अपना वोट बैंक को सुरक्षित करने के लिए भाजपा आरएसएस का इस्तेमाल करने की योजना बना रही है। आरएसएस कार्यकर्ताओं को तैनात करने के जरिए भाजपा ने कई रणनीतियां बुनी हैं। हाल ही में, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने धारवाड़ जिले का दौरा कर दो लोकप्रिय लिंगायत मठों में जाकर पूजा की और समुदाय को लुभाने की रणनीति अपनाई थी। इसके अलावा पार्टी प्रत्याशी महेश टेंगिनकाई की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कई योजनाएं बना रही है।

इस बीच, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष नळिन कुमार कटील ने हुब्बल्ली का दौरा कर पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं के साथ अलग से बैठक की है।

टिकट न मिलने पर शेट्टर ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष की आलोचना की थी। उन्होंने संतोष पर आरोप भी लगाए थे। इससे आरएसएस ने भी हुब्बल्ली-धारवाड़ मध्य निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को प्रतिष्ठा के तौर पर लिया है।

कांग्रेस की विधायक लक्ष्मी हेब्बालकर के दामाद रजत उल्लागड्डिमठ और अनिल कुमार पाटील हुब्बल्ली-धारवाड़ मध्य निर्वाचन क्षेत्र से टिकट के दावेदार थे परन्तु कांग्रेस ने शेट्टर को टिकट दिया है। इसके चलते मतभेद पैदा हो गया है। गुरुवार को सुरजेवाला ने दोनों धड़ों को बुलाया था और उनसे शेट्टर के लिए काम करने को कहा था।

कांग्रेस के 40 नेताओं के स्टार प्रचारकों की सूची में शेट्टर का नाम है और कित्तूर-कर्नाटक क्षेत्र में उनके इस्तेमाल की संभावना है।

नागपुर से हुब्बल्ली आए 50 कार्यकर्ता शेट्टर पर रख रहे नजर

बताया जा रहा है कि नागपुर से आरएसएस के करीब 50 कार्यकर्ताओं को हुब्बल्ली बुलाकर विभिन्न सांगठनिक जिम्मेदारी दी गई है। लिंगायत समुदाय के नेताओं को पार्टी से दूर रखने की विपक्षी कांग्रेस की रणनीति का मुकाबला करने लिए भाजपा रणनीति बनाने की कोशिश कर रही है।

आरएसएस कार्यकर्ताओं ने शेट्टर की हर हरकत पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी है। शेट्टर के घर में आने-जाने वालों पर भी नजर रखी है। हुब्बल्ली में शेट्टर की गतिविधि पर गुप्त रूप से नजर रखने वाले आरएसएस कार्यकर्ताओं की टीम ने इस बार किसी तरह शेट्टर को हराकर भाजपा उम्मीदवार को जितवाने का संकल्प लिया है।

इस बीच, कांग्रेस के राज्य प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शेट्टर से मुलाकात की और निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के भीतर के मतभेदों को खत्म करने के लिए बातचीत की।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *