
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने किया स्पष्ट
हुब्बल्ली. मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने स्पष्ट किया कि मंत्री वी. सोमन्ना हमारे साथ हैं। वे भविष्य में साथ रहेंगे। कोई अटकलबाजी नहीं होनी चाहिए। शहर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बोम्मई ने कहा कि वी. सोमन्ना से रविवार को हुब्बल्ली में कोई बातचीत नहीं हुई है। हमारी मुलाकात केवल औपचारिक है।
बोम्मई ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ परियोजनाओं का श्रेय लेने के लिए कुछ लोग आगे आए हैं। श्रेय युद्ध स्वाभाविक है। पड़ोसी को लडक़ा हुआ तो ये लोगे मिठाई बांटते हैं।
कांग्रेस की इस आलोचना पर कि मोदी भाजपा के लिए भगवान हैं पर प्रतिक्रिया देते हुए बोम्मई ने कहा कि हमने कभी भी मोदी को भगवान नहीं कहा। वे भी खुद को भगवान नहीं मानते। वे एक महान नेता हैं। बहुत कठिन समय में सीमा सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा को बढ़ाया है। प्रदेश में मोदी की सुनामी आ गई है। उनके राज्य के कई हिस्सों में प्रचार करने से भाजपा प्रति रुझान बढ़ा है।
हेस्कॉम और केपीटीसीएल की हड़ताल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री कर्मचारी संघ और यूनियन के संपर्क में हैं और पहले ही दो दौर की बातचीत कर चुके हैं। जल्द ही उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।