ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सुविधा
हुब्बल्ली. गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए धारवाड़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की संभावित कमी से निपटने के लिए धारवाड़ जिला पंचायत कार्यालय में विशेष हेल्पलाइन केंद्र शुरू किया गया है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश पाटील ने लोगों से पेयजल संबंधी समस्या होने पर हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की है।
इस संबंध में जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिला पंचायत कार्यालय में स्थापित हेल्पलाइन केंद्र के फोन नंबर 0836-2742221 पर आम नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों की जांच कर उनका त्वरित समाधान करने की व्यवस्था की गई है।
हेल्पलाइन केंद्र में सोमवार से रविवार तक सप्ताह के सभी सातों दिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि लोगों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इस हेल्पलाइन के लिए जिला पंचायत के सहायक सचिव अजय एन. को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश पाटील ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी तालुक पंचायत के कार्यकारी अधिकारियों और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तालुक स्तर पर भी हेल्पलाइन केंद्र शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक पेयजल या अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जिला पंचायत या तालुक पंचायत कार्यालयों में शुरू किए गए हेल्पलाइन केंद्रों पर संपर्क कर सकते हैं।

