ट्रांसफार्मर स्थापना व पाइपलाइन मरम्मत के चलते तीन दिन असर
नागरिकों को पहले से तैयारी की सलाह
हुब्बल्ली. हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर में 25 से 27 मार्च के बीच पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। बेलगावी जिले के सवदत्ती जैकवेल में नए विद्युत ट्रांसफार्मर की स्थापना और अन्य मरम्मत कार्यों के कारण यह व्यवधान उत्पन्न होगा।
कर्नाटक शहरी अवसंरचना विकास एवं वित्त निगम (केयूआईडीएफसी) के अधीक्षक अभियंता के अनुसार, इस दौरान कच्चे पानी और शुद्ध पेयजल की पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत, तारिहाल बायपास पर पाइपलाइन जोडऩे तथा अन्य आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे।
इन कार्यों के चलते शहर के सभी वार्डों में, यहां तक कि नियमित जलापूर्ति वाले क्षेत्रों में भी पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें और पानी का उपयोग संयमित ढंग से करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
