45 हजार लोगों से 4500 करोड़ रुपए जुटाने का आरोप
अधिक ब्याज का लालच देकर निवेश कराने का मामला
आरबीआई नियमों के उल्लंघन की जांच तेज
बेलगावी. शिवानंद एस. नीलण्णवर को कथित अवैध वित्तीय लेनदेन और निवेशकों से करोड़ों रुपए जुटाने के मामले में मालमारुति पुलिस थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन पर अधिक ब्याज का लालच देकर करीब 45 हजार लोगों से लगभग 4500 करोड़ रुपए एकत्र करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, शिवम एसोसिएट्स संस्था के वित्तीय लेनदेन की जांच के दौरान राजस्व, सहकारिता विभाग और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शिवबसव नगर स्थित संस्था के दो कार्यालयों पर छापा मारकर दस्तावेजों की जांच की।
अधिकारियों ने सार्वजनिक निवेश, ऊंचे ब्याज का वादा, निवेश संबंधी दस्तावेज और संस्था की वैधानिक स्थिति को लेकर गहन जांच शुरू की थी। सहकारी विभाग के उप प्रबंधक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
उपविभागीय अधिकारी श्रवण नायक के नेतृत्व में जांच टीम ने लगभग 20 घंटे तक दस्तावेजों की जांच की। शुक्रवार को इस संबंध में प्राथमिक जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी गई।
प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि संस्था ने बिना वैधानिक अनुमति और नियमों का पालन किए निवेशकों को अधिक लाभ और ऊंचे ब्याज का लालच देकर हजारों करोड़ रुपए जुटाए। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों ने शिवम एसोसिएट्स के कार्यालयों, नीलण्णवर के घर और अपार्टमेंट में तलाशी लेकर बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, बॉन्ड, लैपटॉप, मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्थिक अपराध से जुड़े कई पहलुओं की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

