फर्जी फायरिंग की कहानी रचने वाले तीन गिरफ्तार
झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश का पर्दाफाश, कंट्री पिस्टल बरामद
विजयपुर. विजयपुर ग्रामीण पुलिस ने खुद पर गोली चलाए जाने की झूठी कहानी रचकर छह लोगों को फंसाने की साजिश का खुलासा करते हुए शिकायतकर्ता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्तौल (कंट्री पिस्टल) भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इट्टंगिहाल दोड्डी निवासी दयवंत सायप्पा डेरे (30), आनंद उर्फ अनिल मायप्पा डेरे (26) तथा कोंडिबा भीरप्पा मानवर (23) के तौर पर की गई है।

छह लोगों को फंसाने के लिए रची साजिश
पुलिस के अनुसार, 3 जून को दयवंत डेरे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तोरवी गांव के पास स्थित अपने खेत में काम करते समय दो अज्ञात लोगों ने पीछे से गोली चलाकर उसे घायल कर दिया। उसने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच में सामने आई सच्चाई
पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबरगी के निर्देश पर डीएसपी टी.एस. सुल्पी, पुलिस निरीक्षक आर.एस. जैनर तथा पीएसआई विनोद दोडमनी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने मामले की पड़ताल की। जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता की नामजद आरोपियों से पुरानी रंजिश थी और उन्हें फंसाने के उद्देश्य से यह पूरी साजिश रची गई थी।
खेत में खुद को मरवाई गोली
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जालगेरी गांव स्थित खेत में आरोपी आनंद उर्फ अनिल डेरे ने अपने पास मौजूद देशी पिस्तौल से दयवंत के दाहिने हाथ के पास गोली चलाकर उसे घायल किया। इसके बाद तोरवी गांव में झूठा घटनास्थल तैयार कर छह लोगों के खिलाफ फर्जी शिकायत दर्ज कराई गई।
विजयपुर ग्रामीण थाना में दर्ज इस मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करने वाली जांच टीम की पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबरगी ने सराहना की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
