मुख्यमंत्री शिवकुमार से भट्टारक और नेताओं ने की मांग
बोरगांव (बेलगावी)। जैन समुदाय के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए अलग जैन समुदाय निगम की स्थापना की मांग को लेकर जैन समुदाय के भट्टारकों एवं नेताओं ने सोमवार को बेंगलूरु में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान राष्ट्रसंत आचार्य गुणधरनंदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया। साथ ही जैन समुदाय की प्रगति के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया।
‘कई वर्षों से लंबित है मांग’
युवा नेता उत्तम पाटील ने कहा कि जैन समुदाय के लिए निगम की स्थापना की मांग कई वर्षों से की जा रही है। राष्ट्रसंत गुणधरनंदी ने भी जैन सम्मेलनों और अन्य कार्यक्रमों में इस मांग को उठाया है। सरकार को सकारात्मक पहल करते हुए निगम की स्थापना करनी चाहिए।
ज्ञापन पर मुख्यमंत्री शिवकुमार ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जैन समुदाय के लिए निगम की स्थापना के संबंध में विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा और सकारात्मक सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर भानुकीर्ति भट्टारक पट्टाचार्य स्वामी, पंडिताचार्य चारुकीर्ति भट्टारक पट्टाचार्य स्वामी, धर्मसेना भट्टारक पट्टाचार्य स्वामी, लक्ष्मीसेना भट्टारक पट्टाचार्य स्वामी, वीरकुमार पाटील, सुनील हन्नम्मनवर, धूलगौड़ा पाटील और डॉ. एन.ए. मगदूम सहित अन्य उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

