स्थानीय उत्पादों के निर्यात के साथ कर्नाटक में ही पैकेजिंग पर जोर
हुब्बल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने उत्तर कर्नाटक के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को विदेशी बाजार में पहचान दिलाने और उनकी मांग बढ़ाने की पहल की है। सिंगापुर प्रवास के दौरान उन्होंने कन्नड़ संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय उद्यमियों से मुलाकात कर धारवाड़ पेड़ा, आम और शिग्गांव के पारंपरिक खाद्य पदार्थों के बाजार विस्तार पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने सिंगापुर में ‘बॉक्स मामा’ संस्था के माध्यम से कर्नाटक के खाद्य उत्पादों का कारोबार कर रहे हुब्बल्ली-धारवाड़ के उद्यमी पी. मंजुनाथ से भी बातचीत की। जोशी के अनुसार, मंजुनाथ ने पिछले वर्ष सिंगापुर में करीब 10 टन धारवाड़ के आम और 100 किलो से अधिक धारवाड़ मिश्र पेड़ा बेचने के साथ शिग्गांव के पारंपरिक व्यंजनों को भी बाजार में पहुंचाया।
मंजुनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए जोशी ने स्थानीय उत्पादों का कारोबार बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने सुझाव दिया कि निर्यात के लिए खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग धारवाड़, हुब्बल्ली और शिग्गांव में ही की जाए। इससे स्थानीय पैकेजिंग इकाइयों को काम, युवाओं को रोजगार और उत्पादकों को अतिरिक्त अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि और खाद्य उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने से किसानों, छोटे उत्पादकों और उद्यमियों को लाभ मिल सकता है। इसके लिए निर्यात गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा और संबंधित नियमों का पालन भी जरूरी है।
सिंगापुर में कन्नड़ भाषा, कला और संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए कन्नड़ संघ के प्रयासों की भी जोशी ने सराहना की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

