हासन में वन अधिकारी के घर बच्चे के स्कूल बैग और पैंट की जेब से मिली 500 के नोटों की गड्डी
जिला सर्जन, पंचायत अधिकारी समेत कई कर्मचारी जांच के घेरे में
हुब्बल्ली। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार सुबह हासन, चित्रदुर्ग, बागलकोट, बीदर और हुब्बल्ली में एक साथ छापेमारी की। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास, कार्यालयों तथा निजी अस्पताल में तलाशी लेकर संपत्ति के दस्तावेज, बैंक लेन-देन और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले गए।
बच्चे के बैग में नकदी
हासन में सकलेशपुर के क्षेत्रीय वन अधिकारी हेमंत कुमार के आवास पर तलाशी के दौरान परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर बच्चे को स्कूल भेजने के बहाने नकदी बाहर ले जाने की कोशिश की। संदेह होने पर अधिकारियों ने बच्चे के स्कूल बैग और पैंट की जेब की तलाशी ली, जहां 500 रुपए के नोटों की एक गड्डी मिली। अधिकारियों ने परिवार को तलाशी में बाधा नहीं डालने की हिदायत दी।
जिला सर्जन और पंचायत अधिकारी के ठिकानों पर कार्रवाई
चित्रदुर्ग में जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. रवींद्र के चल्लकेरे रोड स्थित आवास और उनके बताए गए अक्षय ग्लोबल अस्पताल की तलाशी ली गई। वजन एवं माप विभाग के निरीक्षक वेंकटेश के विद्यागिरि स्थित घर पर भी छापा पड़ा।
बागलकोट जिले के जमखंडी में पंचायत राज विभाग के सहायक निदेशक संजीव हिप्परगी के विजय नगर स्थित आवास और माइगूर रोड पर उनके पिता के घर की जांच की गई। हिप्परगी इससे पहले कथित रिश्वतखोरी के मामले में पकड़े जा चुके हैं।
बीदर में बीआरआईएमएस नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य राजकुमार मालगे के गुरुनगर स्थित आवास और कार्यालय पर लोकायुक्त टीम ने तलाशी ली।
हुब्बल्ली में बस चालक के घर छापा
हुब्बल्ली के गांधीनगर में उत्तर पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम के चालक-सह-परिचालक षडाक्षरय्या के आवास पर छापेमारी की गई। धारवाड़ लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धलिंगप्पा के नेतृत्व में टीम ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
लोकायुक्त की टीमें अधिकारियों की ज्ञात आय, खर्च और अर्जित संपत्ति का मिलान कर रही हैं। छापेमारी में मिली नकदी और संपत्तियों का कुल मूल्य अभी सामने नहीं आया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

