यादव कालीन इतिहास पर पड़ेगा प्रकाश
हावेरी के कूसनूर गांव में खेतों से मिले शिलालेख
रामनाथ देव के मंडप के लिए भूमि दान का उल्लेख
हावेरी। जिले के हानगल तालुक के कूसनूर गांव में 12वीं सदी के तीन महत्वपूर्ण दान अभिलेख मिले हैं। रट्टीहल्ली के प्रियदर्शिनी कॉलेज के कन्नड़ प्राध्यापक डॉ. चामराज कम्मार ने क्षेत्रीय सर्वेक्षण के दौरान बड़े तालाब के निचले हिस्से में स्थित खेतों से इनकी खोज की।
इनमें एक अभिलेख देवगिरी के यादव शासकों के अंतिम काल का माना गया है। नौ पंक्तियों वाले इस अभिलेख में समस्तगण संस्थापक बलगिदेव जाड्यल, ग्राम प्रमुख कनगौड़ा और ग्रामीणों की ओर से रामनाथ देव के मंडप निर्माण के लिए खेत दान देने का उल्लेख है। इसके ऊपरी हिस्से में गाय और तलवार का चित्र उकेरा गया है।
दूसरा सात पंक्तियों का शिलालेख पालाक्षप्पा सुरलेश्वर के खेत की मेड़ पर मिला है, जो शैव परंपरा से संबंधित है। तीसरा नौ पंक्तियों का अभिलेख निंगप्पा बिलेकेसद के बगीचे की मेड़ पर मिला। इसका अधिकांश हिस्सा अस्पष्ट है, लेकिन इसमें दुंदुभि संवत्सर और ज्येष्ठ शुद्ध बहुल का उल्लेख है। खोज में बंकापुर के इतिहास प्राध्यापक डॉ. राजेश एस. सूडंबी ने सहयोग किया।
यलंबलसे में 17वीं सदी का दुर्लभ शिलालेख मिला
चित्रदुर्ग। जिले के होललकेरे तालुक के ऐतिहासिक यलंबलसे गांव में लक्ष्मीरंगनाथ स्वामी मंदिर के निकट पालेगारों (सामंत) के शासनकाल का दुर्लभ शिलालेख मिला है। पांच पंक्तियों वाले इस अभिलेख की खोज शोधकर्ता डॉ. महेश कुंचिगनालु ने क्षेत्रीय सर्वेक्षण के दौरान की।
अभिलेख में नंदन होसूर के गोविंद नामक व्यक्ति की ओर से मंदिर को दी गई सेवा का उल्लेख है। इसमें दर्ज प्रमति संवत्सर के आधार पर इसका समय ईस्वी सन 1639 अथवा 1693 के आसपास माना गया है।
डॉ. महेश के अनुसार, यह अभिलेख मंदिर के इतिहास, स्थानों और व्यक्तियों के नामों में आए बदलाव तथा स्थानीय सांस्कृतिक संघर्षों के अध्ययन में महत्वपूर्ण साबित होगा। अभिलेख का पाठ विशेषज्ञ शशिकुमार नायक ने पढ़ा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

