तेज लहरों में बह गए थे पांच युवक, तीन को बचाया गया
दावणगेरे से घूमने आया था परिवार
उडुपी। जिले के कापू समुद्र तट पर रविवार शाम समुद्र में नहाने और खेलने के दौरान तेज लहरों की चपेट में आए पांच युवकों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन को सुरक्षित बचा लिया गया। लापता दोनों युवकों के शव सोमवार दोपहर बरामद किए गए। मृतकों की पहचान शिवमोग्गा जिले के होसनगर तालुक निवासी समीर (20) और दावणगेरे जिले के अहमदी नगर निवासी मलिक रिहान (15) के तौर पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, दावणगेरे का एक परिवार घूमने के लिए उडुपी आया था। रविवार शाम परिवार के सदस्य कापू समुद्र तट पहुंचे। इस दौरान पांच युवक समुद्र में उतरकर नहा रहे थे। अचानक उठी तेज लहरों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और वे समुद्र में बहने लगे। मौके पर मौजूद लोगों और बचाव दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को बाहर निकाल लिया, जबकि समीर और मलिक रिहान लापता हो गए। बचाए गए तीनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तलाशी अभियान में मिले शव
दोनों लापता युवकों की तलाश में गोताखोर ईश्वर मलपे और उनकी टीम, तटरक्षक पुलिस तथा स्थानीय बचाव दल ने अभियान चलाया। सोमवार दोपहर दोनों के शव समुद्र में मिले। तटरक्षक पुलिस और स्थानीय पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर परिजनों की मौजूदगी में पहचान की पुष्टि की।
घटना की सूचना मिलते ही कापू पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

