प्रदेश में शुष्क मौसम का असर, न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार
हुब्बल्ली। कर्नाटक में शुष्क मौसम के साथ ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। बेलगावी में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में ठंड का दौर जारी रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तटीय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तर कन्नड़ जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, उत्तर आंतरिक कर्नाटक के बेलगावी, बागलकोट, बीदर, धारवाड़, गदग, हावेरी, कलबुर्गी, कोप्पल, रायचूर, विजयपुर और यादगीर जिलों में भी शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है।
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के बेंगलूरु शहरी, बेंगलूरु ग्रामीण, कोलार, रामनगर और चामराजनगर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा बल्लारी, चिक्कबल्लापुर, चित्रदुर्ग, दावणगेरे, मंड्या, मैसूरु, शिवमोग्गा, कोडगु, चिक्कमगलूरु, हासन, तुमकूरु और विजयनगर जिलों में मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहेगा।
24 और 25 नवंबर को गरज-चमक की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 24 नवंबर को दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि उत्तर कन्नड़ में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर आंतरिक कर्नाटक के सभी जिलों में भी शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।
इसी दिन दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के बेंगलूरु शहरी, बेंगलूरु ग्रामीण, कोलार, रामनगर और चामराजनगर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में 24 और 25 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
