गृहलक्ष्मी में 43,177 लाभार्थियों को मिल रहा लाभ, शेष पात्रों को जोडऩे के निर्देश
हुब्बल्ली। हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर जिला गारंटी योजना क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रजत उल्लागड्डिमठ ने निर्देश दिया कि राज्य सरकार की पांच गारंटी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी सक्रियता से काम करें। कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
वे हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम आयुक्त सभागार में हुब्बल्ली मध्य (सेंट्रल) विधानसभा क्षेत्र की योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गृहलक्ष्मी योजना के 43,732 पात्र लाभार्थियों में से 43,177 को लाभ मिल रहा है। अब तक 36 किस्तों की राशि खातों में जमा कराने की व्यवस्था की गई है। शेष पात्रों को भी योजना से जोडऩे के निर्देश दिए।
गृहज्योति योजना के तहत 45,165 घरों का पंजीकरण हो चुका है। शेष पात्र परिवारों का पंजीकरण कराने के साथ अन्नभाग्य योजना में नियमित राशन वितरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अवैध चावल परिवहन रोकने और अपात्र राशन कार्डधारकों की पहचान करने पर भी जोर दिया। युवा निधि योजना के तहत अब तक 13.34 करोड़ रुपए वितरित किए जा चुके हैं। पात्र युवाओं का पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए।
शक्ति योजना के तहत पर्याप्त बस सुविधा उपलब्ध कराने तथा बैरिदेवरकोप्पा के ईश्वरनगर और गोपनकोप्पा में अतिरिक्त बसें चलाने को कहा। महिलाओं को फर्जी टिकट दिए जाने की शिकायतों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संगमेश गौरक्कनवर, प्रेमनाथ चिक्कतुम्बल, क्षेत्रीय आयुक्त चंद्रशेखर मालिपाटील सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

