संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठें महिलाएंइलकल के विजय महांतेश दासोह भवन में एसआर कंठी मंच की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम को संबोधित करतीं शहर पुलिस थाना की थानेदार शहजहान नाईक।

इलकल (बागलकोट). शहर पुलिस थाना की थानेदार शहजहान नाईक ने कहा कि महिलाओं को संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर अच्छी तरह शिक्षित होकर सफलता हासिल करके अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहिए।

वे शहर के विजय महांतेश दासोह भवन में एसआर कंठी मंच की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में बोल रहीं थी।

उन्होंने कहा कि आज किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए शिक्षा जरूरी है। पहले के जमाने में महिलाओं की शिक्षा को ज्यादा महत्व नहीं था परन्तु अब स्थिति बदल गई है और आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं इसका मुख्य कारण शिक्षा ही है। कई क्षेत्रों में तो महिलाएं पुरुषों से भी आगे बढ़ चुकी है। समय बहुत ही तेजी से बदल रहा है। एक और विज्ञान और प्रौद्योगिकी के भारी विकास के कारण शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं ने उपलब्धि हासिल की है। महिलाएं स्वतंत्रता के साथ हर क्षेत्र में अपना दबदबा कायम कर रही हैं।

नाईक ने कहा कि सोशल मीडिया का उतना ही उपयोग करना चाहिए जितना जरूरी है। कई महिलाएं सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग कर जीवन को अस्थिर कर रही है। युवतियां सोशल मीडिया के माध्यम से अज्ञात युवकों के प्रेमजाल में फंस कर अपना जीवन बर्बाद कर रही हैं। इससे माता-पिता और परिवार के सदस्य परेशान हो जाते हैं। युवतियों को इसके प्रति जागरूक होना चाहिए और उपयुक्त जीवन जीना चाहिए। शिक्षा से व्यक्तित्व का विकास होता है। आज कई महिलाएं ऊंचे पदों पर कार्यरत हैं और देश का नाम रोशन कर रही है। अब महिलाएं अबला नहीं सबला बन गई है।

नगरसभा की अध्यक्ष सुधारानी संगम ने कहा कि शिक्षा के बिना नारी का जीवन परिपूर्ण नहीं हो सकता। शिक्षा दुनिया में स्वतंत्र रूप से जीने की शक्ति है। महिलाएं देश के विकास में भरपूर योगदान दे रही हैं। एक समय में स्कूलों में बालिकाओं की संख्या नगण्य हुआ करती थीं, परन्तु आज हर एक बालिका शिक्षा ग्रहण कर रही हैं।

इलकल को-ऑपरेटिव बैंक की निदेशक लता हेरूर ने कहा कि विकसित देशों में महिलाओं के लिए विपुल अवकाश है, वैसे ही अवकाश हमारे यहां की महिलाओं को मिलने चाहिए। अवकाश मिलने पर ही महिलाएं अपनी प्रतिभा को दिखा सकते हैं।

कार्यक्रम में सार्वजनिक क्षेत्र में कार्य करने वाले नगरसभा अध्यक्ष सुधारानी संगम, इलकल को-ऑपरेटिव बैंक निदेशक लता हेरूर, पुलिस थाना की थानेदार शहजहान नाईक, समाज सेविका बसवराजेश्वरी मेरनाळ, कविता चट्टेर, स्वयं उद्यमी तुलसाबाई हुबली, दीपा करवीरमठ, प्रगतिशील कृषि महिला ममता मरोळ, शिक्षाविद् डॉ. ऐश्वर्या अंगडी, ऐश्वर्या मठ, अमृता अंगडी और महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता की विजेताओं को सम्मानित किया गया।

मंच की अध्यक्ष महादेवी तोंटनाळ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शैला पट्टणशेट्टी, ज्योति अंगडी, शिल्पा अंगडी, अनुराधा पट्टणशेट्टी, मीनाक्षी गोनाळ, उमा अंगडी, जयश्री नीरलकेरी, शोभा लवळसर, अक्कम्मा कक्कसगेरी, राजेश्वरी अंगडी, गीता नंदापुर, कमलाक्षी अंगडी, गिरीजा शेट्टर आदि मौजूद थे।

नेत्रावती अंगडी ने प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया। निलाम्बिका बादमीनाळ ने स्वागत किया। विजयलक्ष्मी कंठी ने कार्यक्रम का संचालन किया और अंत में विजयलक्ष्मी लेक्कीहाळ ने आभार जताया।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *