शहर से 25 किमी दूर, पर आधुनिक सुविधाओं से मीलों दूर
मोबाइल सिग्नल-इंटरनेट दोनों गायब
ग्रामीणों की दस वर्षों से पुकार अनसुनी
चित्रदुर्ग. शहर से महज 25 किलोमीटर दूर स्थित वी.पाल्या गांव आज भी संचार सुविधाओं से वंचित है। मोबाइल सिग्नल और इंटरनेट दोनों की अनुपस्थिति ने ग्रामीणों को आधुनिक जीवन से काट दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल फोन कभी-कभार बज भी जाए तो आवाज सुनाई नहीं देती। इंटरनेट न होने से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई, गैस सिलेंडर बुकिंग और राशन कार्ड सत्यापन जैसी जरूरतें पूरी नहीं हो पातीं। कई लोग छत पर चढक़र या पेड़ पर बैठकर नेटवर्क तलाशते हैं, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगती है।
गांव की महिला शोभा ने बताया कि स्कूल से आने वाले संदेश तक हमें नहीं मिलते। आपात स्थितियों में बाहर संपर्क करना भी मुश्किल हो जाता है।
पिछले दस वर्षों से ग्रामीण प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन न फोन टावर लगा और न ही किसी कंपनी ने नेटवर्क सुधारने का प्रयास किया। इस उदासीनता ने ग्रामीणों में गहरी नाराजगी पैदा कर दी है।
विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। संचार सुविधा के अभाव में गांव लगभग तकनीकी रूप से कट चुका है। ग्रामीणों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर उचित नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

