तीर्थहल्ली तालुक के भारतिपुर के पास हादसा, तीन घायल अस्पताल में भर्ती
शिवमोग्गा. जिले के तीर्थहल्ली तालुक अंतर्गत भारतिपुर के पास 13 जनवरी की रात हुए भीषण सडक़ हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना केएसआरटीसी बस और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुई।
मृतकों की पहचान चिक्कमगलूरु जिले के श्रृंगेरी तालुक के मेणसे गांव निवासी फातिमा बी. (70) और रिहान (14) के तौर पर की गई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायल (9) और जयान (12) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना में जरीना (35), रिहा (12) और कार चालक रियाज (35) घायल हुए हैं। तीनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है।
पुलिस के अनुसार, परिवार चन्नगिरी में एक कार्यक्रम से लौट रहा था। भारतिपुर मोड़ के पास कार चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया और सामने से आ रही केएसआरटीसी बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग बताया गया है। इस संबंध में तीर्थहल्ली पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

