गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्यभर में आंदोलन
भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष पाटील ने दी चेतावनी
बेलगावी. जिले के अथणी में बीडीसीसी बैंक कर्मचारी संघ अध्यक्ष पर हुए हमले को लेकर राजनीति गरमा गई है। भाजपा ग्रामीण जिला इकाई के अध्यक्ष सुभाष पाटील ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में चेतावनी दी कि यदि विधायक लक्ष्मण सवदी, उनके पुत्र चिदानंद और समर्थकों को तुरंत गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा राज्यभर में आंदोलन करेगी।
पाटील ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायकों की गुंडागर्दी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बल्लारी की घटना के बाद अब अथणी में भी कांग्रेस विधायक से जुड़ा हमला सामने आया है। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होना कानून-व्यवस्था की नाकामी है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस थाने अब कांग्रेस के कार्यालयों में तब्दील हो गए हैं और पुलिस सरकार की कठपुतली बन चुकी है। पाटील ने कहा कि आमजन में भय का माहौल है और प्रशासन पूरी तरह से विफल हो गया है।
पूर्व विधायक संजय पाटील ने भी इस घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने त्वरित कदम नहीं उठाए तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस विवाद ने बेलगावी से लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

