सातवें वार्ड में 24 गुणा 7 जल सुविधा
यहां है कवि द.रा. बेन्द्रे की पढ़ाई की गई प्राथमिक स्कूल
हुब्बल्ली. धारवाड़ शहर के सातवें वार्ड का आधा हिस्सा 24 गणा 7 पेयजल आपूर्ति से लाभान्वित है और कई इलाकों में सीमेंट-कांक्रीट सडक़ें तथा इंटरलॉक ईंटों से गलियां बनाई गई हैं। वार्ड के अधिकांश क्षेत्रों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें भी लगाई गई हैं।
कई जगह नालों और चेंबर की समस्या गंभीर बनी हुई है। बारह इमाम गली और देसाई ओणी जैसे क्षेत्रों में नालों का पानी सडक़ों पर बह रहा है।
नागरिकों का कहना है कि वार्ड में सडक़ें अच्छी हैं, कचरा वाहन नियमित आते हैं, परंतु नालियों की मरम्मत और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
वार्ड में ज्यादातर किसान परिवार रहते हैं और पशुपालन प्रमुख आजीविका है। यहां कवि द.रा. बेन्द्रे की पढ़ाई की गई प्राथमिक स्कूल (संख्या 8) भी स्थित है।
स्वास्थ्य सेवाएं अधूरी
नागरिकों का आरोप है कि तायण्णवर कल्याण मंडप से हेब्बल्ली फार्म तक के इलाके में 24 गुणा 7 जल योजना अभी लागू नहीं हुई है। वार्ड में पशु अस्पताल नाममात्र का है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग अब तक पूरी नहीं हुई। सार्वजनिक शौचालयों की देखभाल नहीं होने से उनका उपयोग संभव नहीं है।
नागरिकों की शिकायतें
मंगलवारपेट निवासी रूपा मडिवालण्णवर ने कहा कि कचरा वाहन समय पर आते हैं और नई एलईडी लाइटें लगी हैं परन्तु प्लॉटों में कचरा फेंकने पर सख्ती होनी चाहिए।
देसाई ओणी के रवींद्र यलिगार ने बताया कि कई बार नाली की मरम्मत की मांग की गई, परन्तु कार्रवाई नहीं हुई।
नालियों की मरम्मत शीघ्र होगी
नालों के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए और सडक़ों के लिए 5 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। कई जगह नालों का कार्य शुरू हो चुका है। उद्यान और अस्पताल निर्माण के प्रस्ताव दिए गए हैं, परन्तु जगह की कमी बाधा है। इमाम गली की नालियों की मरम्मत शीघ्र होगी और पाईपलाइन कार्य पूरा होते ही अन्य क्षेत्रों में भी 24 गुणा 7 जल योजना लागू होगी। पशु अस्पताल में डॉक्टर की नियुक्ति के लिए निवेदन किया गया है।
–दीपा नीरलकट्टी, वार्ड पार्षद

