कडूर में राजस्व विभाग की बैठक को लेकर आरोप
जिलाधिकारी ने मांगी रिपोर्ट
चिक्कमगलूर. जिले के कडूर तालुक में राजस्व विभाग की बैठक के दौरान विधायक के निजी सहायक के मंच पर बैठने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एपीएमसी के पूर्व अध्यक्ष रविकुमार ने आरोप लगाया है कि विधायक के निजी सहायक मंजुनाथ ने तहसीलदार के बगल में बैठकर बैठक में भाग लिया, जो प्रशासनिक मर्यादा के खिलाफ है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिलाधिकारी एनएम नागराज ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कडूर की तहसीलदार से घटना पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है और रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार राजस्व गांव और उपगांवों के गठन से संबंधित प्रस्ताव 16 मार्च तक राज्य सरकार को भेजना है। इसी विषय पर गुरुवार को तालुक पंचायत सभागार में अधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी, जिसकी अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक केएस आनंद के नाम पर निर्धारित थी।
हालांकि विधायक विधानसभा सत्र में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। बैठक के दौरान मंच पर तहसीलदार सी.एस. पूर्णिमा, तालुक पंचायत के कार्यकारी अधिकारी सी.आर. प्रवीन और आरएफओ एन.आर. हरिश मौजूद थे। इसी दौरान विधायक के निजी सहायक मंजुनाथ तहसीलदार के पास बैठकर बैठक की जानकारी लेते दिखाई दिए।
पूर्व एपीएमसी अध्यक्ष रविकुमार ने आरोप लगाया कि तालुक स्तर के अधिकारियों ने इस पर आपत्ति नहीं जताई, जिससे यह प्रशासनिक लापरवाही का मामला बन गया है। इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन इस मामले में कार्रवाई नहीं करता, तो वे राज्य के राजस्व मंत्री कृष्ण बैरेगौड़ा और जिला प्रभारी सचिव राजेंद्र कुमार कटारिया से शिकायत करेंगे।

