20 फीट गहरे कुएं में जिंदगी-मौत से जूझते रहे श्रीनिवास भट
गैस सिलेंडर की वजह से चला पता
उडुपी. जिले के कंबलकट्टे क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 62 वर्षीय एक व्यक्ति तीन दिनों तक 20 फीट गहरे कुएं में फंसे रहने के बावजूद जीवित बाहर निकल आए। इस घटना को लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।
कुएं में गिरकर तीन दिन तक संघर्ष
कंबलकट्टे निवासी श्रीनिवास भट शनिवार शाम अपने घर के सामने स्थित कुएं में गिरे। बताया गया कि कुएं में गिरा पाइप निकालने के दौरान रस्सी टूट गई और वे असंतुलित होकर पानी से भरे कुएं में जा गिरे।
कुएं में गिरने के बाद उन्होंने भीतर मौजूद पाइप और रस्सी को पकडक़र किसी तरह खुद को संभाले रखा। तीन दिनों तक बिना भोजन और सहायता के वे जिंदगी के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन उनकी आवाज बाहर तक नहीं पहुंच सकी।
गैस सिलेंडर बना जीवनरक्षक सुराग
घटना का खुलासा भी बेहद रोचक तरीके से हुआ। श्रीनिवास ने कुछ दिन पहले अपने परिचित गणेश से गैस सिलेंडर लिया था। जब गणेश को सिलेंडर की जरूरत पड़ी और उन्होंने संपर्क किया, तो कई दिनों तक जवाब नहीं मिला।
संदेह होने पर उन्होंने पास में रहने वाले लोगों से घर की जांच करने को कहा। तलाश के दौरान जब कुएं में झांककर देखा गया, तो श्रीनिवास भट अंदर कमजोर अवस्था में रस्सी पकडक़र खड़े नजर आए।
अग्निशमन दल ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। लीडिंग फायर फाइटर सतीश, अश्विन सनिल, चालक भरत एन. सहित टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कुएं में उतरकर श्रीनिवास को सुरक्षित बाहर निकाला।
उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ है।
अब खतरे से बाहर
तीन दिनों तक बिना भोजन-पानी के कुएं में फंसे रहने के बावजूद श्रीनिवास भट ने हिम्मत नहीं हारी। डॉक्टरों के अनुसार अब उनकी स्थिति स्थिर है और वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

