डीके शिवकुमार ने किया हमला
गारंटी योजनाओं पर पीएम को घेरा, एलपीजी आपूर्ति को लेकर केंद्र पर पक्षपात का आरोप
उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा
हुब्बल्ली. उपमुख्यमंत्री और केपीसीसी अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गारंटी योजनाओं को लेकर “इतना झूठ” बोलेंगे। उनके इस बयान से राज्य की सियासत में एक बार फिर गर्माहट बढ़ गई है।
गारंटी योजनाओं पर सीधा टकराव
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीके शिवकुमार ने कहा कि गारंटी योजनाओं को सबसे प्रभावी तरीके से लागू करने वाला एकमात्र राज्य कर्नाटक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री इन योजनाओं को लेकर गलत जानकारी दे रहे हैं। साथ ही भाजपा पर महाराष्ट्र और केरल जैसे राज्यों में “झूठे वादे” करने का भी आरोप लगाया।
एलपीजी मुद्दे पर केंद्र से तीखे सवाल
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के बयान पर पलटवार करते हुए डीके शिवकुमार ने एलपीजी आपूर्ति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में आए एलपीजी के दो जहाज गुजरात भेजे गए। कर्नाटक या केरल को क्यों नहीं भेजा गया?
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दक्षिण भारत की आवश्यकताओं की अनदेखी कर रही है और उत्तर भारत को प्राथमिकता दे रही है।
उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का भरोसा
दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट विधानसभा उपचुनाव को लेकर डीके शिवकुमार ने विश्वास जताया कि कांग्रेस दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। हमारी गारंटी योजनाओं और प्रशासन से जनता संतुष्ट है, इसका फायदा चुनाव में मिलेगा।
केरल चुनाव को लेकर बड़ा दावा
केरल विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में आएगा। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न सर्वेक्षणों में भी वामपंथी मोर्चे को नुकसान होने के संकेत मिल रहे हैं।
नेतृत्व परिवर्तन पर दिया संकेतात्मक जवाब
राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पूछे गए सवाल पर डीके शिवकुमार ने सीधे जवाब से बचते हुए कहा कि इस बारे में समय आने पर बात करूंगा। अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री और मैं ही लेंगे, किसी और की राय मायने नहीं रखती।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

