दपरे में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनायादक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को हुब्बल्ली के गदग रोड स्थित चालुक्य रेलवे संस्थान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेते दपरे के अतिरिक्त महाप्रबंधक अनंत पी.।

महिला कर्मचारियों की भूमिका और सशक्तिकरण पर जोर

हुब्बल्ली. दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को हुब्बल्ली के गदग रोड स्थित चालुक्य रेलवे संस्थान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दपरे के अतिरिक्त महाप्रबंधक अनंत पी. मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
दक्षिण पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (एसडब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) की ओर से रमा देवी सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दक्षिण पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सूर्य प्रकाश ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

कार्यक्रम में भारतीय प्रबंधन संस्थान, कोलकाता की प्रोफेसर तथा एसडब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की पूर्व सदस्य डॉ. निर्मला गुडपति ने महिलाओं की पारिवारिक और कार्यस्थल संबंधी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाएं अनेक बाधाओं और चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना कर सफलता प्राप्त कर रही हैं। साथ ही उन्होंने महिलाओं को अपने दैनिक जीवन में किए गए प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना करने के लिए प्रेरित किया।

सेंट्रल रेलवे अस्पताल की डीएमओ डॉ. विनीता ने तनाव और चिंता के प्रभावी प्रबंधन के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी और आवश्यकता पडऩे पर चिकित्सकीय सलाह लेने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए भारत सरकार की पहल टेली-मानस के बारे में भी जानकारी दी।

अतिरिक्त महाप्रबंधक अनंत पी. ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए महिला कर्मचारियों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए दक्षिण पश्चिम रेलवे की ओर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने संगठन की प्रगति में महिला कर्मचारियों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के अंतर्गत 5 और 6 मार्च को दक्षिण पश्चिम रेलवे में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 20607 डॉ. एम.जी.आर. चेन्नई सेंट्रल-मैसूर वंदे भारत एक्सप्रेस को बेंगलूरु और मैसूर के बीच पूरी तरह महिला कर्मचारियों की ओर से संचालित किया गया, जो रेलवे संचालन में महिलाओं की क्षमता और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी, महिला कर्मचारी, एसडब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की सदस्य तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *