हुब्बल्ली-धारवाड़ क्षेत्र में रेल विकास को रफ्तारउत्तर कर्नाटक में रेलवे विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी।

धारवाड़-गदग के बीच पैसेंजर ट्रेन शुरू करने पर मंथन

हुब्बल्ली. उत्तर कर्नाटक में रेलवे विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री एवं सांसद प्रल्हाद जोशी ने दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) के महाप्रबंधक, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

रेलवे परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा

बैठक में हुब्बल्ली-धारवाड़ क्षेत्र की प्रमुख रेलवे परियोजनाओं, नई रेल लाइनों, स्टेशन विकास और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

मेगा टर्मिनल और स्टेशन उन्नयन

हुब्बल्ली में प्रस्तावित मेगा टर्मिनल के निर्माण के लिए स्थान चयन पर चर्चा, हुब्बल्ली रेलवे स्टेशन के उन्नयन पर विचार, हुब्बल्ली-अंकोला नई रेल लाइन और ‘अमृत भारत योजना’ के अंतर्गत स्टेशन विकास की समीक्षा पर चर्चा हुई।

नई रेल लाइनों की स्थिति

अधिकारियों ने बैठक में तुमकूरु-चित्रदुर्ग-दावणगेरे तथा बागलकोट-कुडची नई रेल लाइनों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। इन परियोजनाओं से उत्तर कर्नाटक की परिवहन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई गई।

धारवाड़-गदग पैसेंजर ट्रेन पर विचार

बैठक में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धारवाड़-गदग पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू करने पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। साथ ही कुसुगल-अमरगोल रेलवे बाइपास लाइन की सर्विस रोड समस्या पर भी विचार किया गया।

किसानों और पैदल यात्रियों की सुविधाएं

अमरगोल के पास पुल संख्या 289 से 291 तक किसानों को कृषि भूमि तक पहुंच के लिए सर्विस रोड उपलब्ध कराने, भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा पर चर्चा की गई। धारवाड़ के गांधीनगर क्षेत्र में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण पर विचार विमर्श किया गया।

केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भरोसा दिलाया कि उत्तर कर्नाटक में रेलवे आधारभूत संरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आम जनता, किसानों तथा यात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम चरणबद्ध तरीके से उठाए जाएंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *