न्यायालय की अनुमति पर मल्पे में अंत्येष्टि में शामिल हुआ, फिर बेंगलूरु रवाना
उडुपी। कई वर्षों से जेल में बंद कुख्यात अपराधी रवि पुजारी शनिवार को अपनी मां सुशीला पुजारी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच उडुपी पहुंचा। उसकी मां का 12 नवंबर को निधन हुआ था।
न्यायालय की विशेष अनुमति के बाद उसे बेंगलूरु से सशस्त्र आरक्षित पुलिस बल के सुरक्षा दल के साथ लाया गया। मल्पे में अंत्येष्टि की रस्मों में शामिल होने के बाद उसे वापस बेंगलूरु ले जाया गया। न्यायालय ने तत्काल वापसी और सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खर्च स्वयं पुजारी से वसूलने का निर्देश दिया था।
रवि पुजारी पर हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती वसूली और जान से मारने की धमकी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। कर्नाटक में ही उसके खिलाफ 90 से अधिक मामले हैं। करीब 26 वर्षों तक अपराध जगत में सक्रिय रहे पुजारी को 19 जनवरी 2019 को पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल में गिरफ्तार किया गया था।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
