सिरसी का आरटीओ भवन उद्घाटन के बाद भी खालीसिरसी का आरटीओ भवन।

फर्नीचर के अभाव में सेवा ठप

6 करोड़ रुपए की लागत से बना हाईटेक भवन 8 महीने से अनुपयोगी

जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा

सिरसी. शहर के बसवेश्वरनगर में करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का नया भवन उद्घाटन के आठ महीने बाद भी उपयोग में नहीं आ सका है। कारण—भवन में आवश्यक फर्नीचर की आपूर्ति न होना। इसके चलते आरटीओ अब भी किराए के पुराने भवन से ही संचालित हो रहा है। नए परिसर में झाडिय़ां उग आई हैं और सुरक्षा गेट बंद पड़े हैं, जिससे भवन की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं।

राज्य सरकार ने चार वर्ष पूर्व भूमि स्वीकृत कर 6 करोड़ रुपए का अनुदान जारी किया था। भवन का निर्माण पूरा हुआ और 29 मार्च 2025 को परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने उद्घाटन भी किया। बावजूद इसके, सेवाएं शुरू नहीं हो पाईं।

फर्नीचर आपूर्ति में टालमटोल

आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, केएसआरटीसी को सिरसी केंद्रीय बस स्टैंड और आरटीओ भवन के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने का निर्णय हुआ था, लेकिन बार-बार आग्रह के बावजूद आपूर्ति नहीं हो सकी।

जनता की परेशानी

सिरसी आरटीओ का कार्यक्षेत्र सिरसी, सिद्धापुर, यल्लापुर और मुंडगोड तक फैला है। रोजाना ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, दस्तावेज हस्तांतरण, पुन: पंजीकरण जैसे कार्यों के लिए सैकड़ों लोग आते हैं। पुराने भवन में सीमित जगह और असुविधाओं के कारण आमजन को कठिनाई झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर नए भवन में सेवाएं शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। जनता की अपेक्षा है कि प्रशासन शीघ्र निर्णय लेकर इस बहुप्रतीक्षित भवन को उपयोग में लाए।

प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मल्लिकार्जुन के. ने बताया कि फर्नीचर के लिए अनुदान न मिलने पर पुराने फर्नीचर को ही नए भवन में लगाकर जल्द कार्य आरंभ करने पर विचार किया जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *