राशन दुकानों पर सुबह से रात तक इंतजार
1.64 लाख में अब तक 51,611 कार्डों का ही सत्यापन
कुंदापुर (उडुपी)। गरीबों को मिलने वाले राशन पर सरकार की ई-केवाईसी अनिवार्यता अब लाभार्थियों के लिए परेशानी बनती जा रही है। बीपीएल और अंत्योदय राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी 20 अक्टूबर तक पूरी करने की समयसीमा है, लेकिन सर्वर की धीमी गति और तकनीकी दिक्कतों के कारण कुंदापुर और बयंदूर समेत पूरे क्षेत्र में प्रक्रिया बेहद धीमी चल रही है। स्थिति यह है कि लोग सुबह से रात तक राशन दुकानों के बाहर कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश के अनुसार राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य को संबंधित उचित मूल्य (राशन) दुकान पर जाकर आधार लिंकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन कराना है। लेकिन सर्वर इतना धीमा है कि कई दुकानों पर एक घंटे में एक व्यक्ति की भी ई-केवाईसी पूरी नहीं हो पा रही। काम-धंधा छोडक़र पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
कट्टुबेलतूर के राजेश पूजारी ने कहा कि कई दिनों से दुकान के चक्कर लगा रहे हैं। सुबह जल्दी आने पर भी सर्वर नहीं चलता। बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। अगर एक दिन में सीमित लोगों की ही ई-केवाईसी करनी है तो पहले से संख्या तय कर दी जाए, ताकि लोग पूरा दिन बेवजह न खड़े रहें।
50 की जगह 100-150 रुपए लेने का आरोप
ई-केवाईसी ग्राम-वन और कर्नाटक-वन केंद्रों पर भी हो रही है। नागरिकों का आरोप है कि कुछ केंद्रों पर 100 से 150 रुपए तक लिए जा रहे हैं, जबकि निर्धारित शुल्क 50 रुपए है। विभाग ने कहा है कि अधिक राशि वसूले जाने पर शिकायत करनी चाहिए।
कुंदापुर और बयंदूर में कुल 1,64,536 राशन कार्डधारकों में अब तक 51,611 की ई-केवाईसी पूरी हुई है।
सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पूजारी ने समयसीमा और बढ़ाने तथा बुजुर्गों के फिंगरप्रिंट नहीं आने पर वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
तकनीकी खामी का बोझ राशन लाभार्थियों पर न पड़े
दुकानों पर सुबह 6 से रात 10 बजे तक ई-केवाईसी की जा रही है, लेकिन राशन वितरण के साथ सत्यापन होने से सर्वर पर दबाव बढ़ रहा है। अब जरूरत सर्वर क्षमता बढ़ाने और समयसीमा बढ़ाने की है, ताकि तकनीकी खामी का बोझ राशन लाभार्थियों पर न पड़े।
-सुरेश, खाद्य निरीक्षक
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

