जल जीवन मिशन की खामियों पर विधायकों की सख्तीहुब्बल्ली के मिनी विधानसौधा स्थित तालुक पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कुंदगोल विधायक एमआर पाटील।

15 दिनों में रिपोर्ट तलब, अधूरी योजनाओं पर कार्रवाई के निर्देश

हुब्बल्ली. हुब्बल्ली, नवलगुंद और कुंदगोल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों में गंभीर अनियमितताओं पर स्थानीय विधायकों ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर के मिनी विधानसौधा स्थित तालुक पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पेयजल योजनाओं की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए विधायक एन.एच. कोनरेड्डी और एम.आर. पाटील ने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।

अधूरे कार्य और लापरवाही

विधायकों ने कहा कि कई गांवों में पाइपलाइन का कार्य अधूरा है, जबकि कुछ स्थानों पर नल कनेक्शन होने के बावजूद पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके बावजूद ठेकेदारों से कार्य हैंडओवर कर लिया गया है, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने अधूरे, पूर्ण और लंबित कार्यों की अलग-अलग जानकारी जुटाकर तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।

30 करोड़ रुपए जुर्माने के बाद भी सुधार नहीं

एल एंड टी कंपनी पर घटिया कार्य और देरी के कारण 30 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाए जाने की जानकारी मिलने पर विधायक कोनरेड्डी ने कहा कि यदि इतने भारी दंड के बाद भी सुधार नहीं होता, तो कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए।

गर्मी से पहले समाधान की हिदायत

विधायक एम.आर. पाटील ने कहा कि मंटूर और नागराल गांवों में हर वर्ष पेयजल संकट उत्पन्न होता है। उन्होंने निर्देश दिया कि गर्मी शुरू होने से पहले पाइपलाइन कार्य पूरा कर ओवरहेड टैंकों तक निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही मलप्रभा नदी से नहरों के माध्यम से तालाबों को भरने की व्यवस्था करने पर जोर दिया।

अन्य विकास विषयों पर चर्चा

बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती, किसानों को बागवानी फसलों के लिए प्रोत्साहन, पशु चिकित्सालयों की समस्याएं, नए छात्रावासों के प्रस्ताव, घर-घर स्वास्थ्य जांच और ग्रामीण स्वच्छता पर जन-जागरूकता जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

विधायकों ने स्पष्ट किया कि पेयजल योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस बैठक में तालुक पंचायत कार्यकारी अधिकारी रामचंद्र होसमनी, हुब्बल्ली ग्रामीण तहसीलदार जे.बी. मज्जगी, समिति अध्यक्ष शिवानंद भूमण्णवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *