राजनीतिक बातें और जीवन की हकीकतें होती हैं अलगआचार्य विमल सागर सूरीश्वर।

हिरियूर (चित्रदुर्ग). आचार्य विमल सागर सूरीश्वर ने कहा कि मंच पर या मीडिया में राजनीतिक बातें करना अलग होता है और जीवन व्यवहार में व्यक्ति तथा समाज की वास्तविक परिस्थितियां उनसे भिन्न होती हैं।

तुमकूर की ओर पदयात्रा करते हुए शनिवार को हनुमंतनगर के मल्लन्ना पीयू कॉलेज में श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देते हुए जैनाचार्य ने कहा कि राजनीतिक वादे और इरादे अक्सर सामान्य जीवन में सरलता से सार्थक नहीं होते। जनसामान्य में इस भेद और भिन्नता को समझने की प्रज्ञा, परिपक्वता या प्रतिभा भी नहीं होती। वह आसानी से झांसे में आ जाता है। इस प्रकार राजनेता सफल होते हैं। जो बातें जनसामान्य को प्रभावित नहीं करतीं, वे कभी राजनीतिक सफलता नहीं दिला पातीं। अपने समर्थक बढ़ाना और अपने पक्ष को मझबूत करना ही राजनीति की सफलता का बिंदु है। इसीलिए मनुष्य के सामान्य जीवन व्यवहार में सुख-शांति और उन्नति के लिए जातिवाद, भाषावाद और प्रांतवाद आदि का कोई औचित्य नहीं हैं। ये सब लोगों को बांटने और अपनी राजनीति को सफल करने के हथियार मात्र हैं। मनुष्य को पढ़-लिखकर यह समझना अत्यंत जरूरी है कि अपना हित और भविष्य क्या है ?

उन्होंने कहा कि मनुष्य को जीवन की वास्तविकताओं को समझने का व्यवस्थित प्रयत्न करना चाहिए। विवादास्पद बातों से अप्रभावित रहते हुए प्रगति का पथ प्रशस्त करना चाहिए। तुच्छ और निर्माल्य बातों को महत्व देकर हम अपना, परिवार का या समाज का भला नहीं कर सकते। इसके लिए अच्छे और बुद्धिमान लोगों को संगठित होकर समाज का सही मार्गदर्शन करना चाहिए। जब राजनीतिक परिभाषाएं बदल जाती हैं तो मानवता कलंकित हुए बिना नहीं रहती। इसके लिए पिछले दो सौ वर्षों का विश्वभर का जाति, भाषा, प्रांत और संप्रदायवाद का दुर्भाग्यपूर्ण इतिहास पढक़र उससे सबक सीखने की आवश्यकता है। यह इतिहास बताता है कि मनुष्य की मूर्खताओं ने समग्र मानवजाति का कितना भारी नुकसान किया है। कमोबेश आज भी जगह-जगह विवाद जारी हैं और सुख-शांति से जीने की संभावनाएं क्षीण हैं।

चिक्कनहल्ली से पदयात्रा कर श्रमणजन प्रात: यहां पहुंचे। दोनों स्थानों पर दिन भर जैनाचार्य के दर्शनार्थ ग्रामीणों का तांता लगा रहा। अनेक लोगों ने व्यसन व अपराध मुक्ति के संकल्प लिए।

गणि पद्मविमल सागर ने सभी को प्रेरणाएं दी। रविवार को संतगण वसंतनरसापुर पहुंचेंगे। आई.जी. लाबूराम के निर्देश पर पुलिस ने जैनाचार्य की सुरक्षा का माकूल प्रबंध किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *