एकान्तर तप, वर्षीतप करने वाले तपस्वियों का पारणा 12 मार्च से
होसपेट. श्रीवर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, होसपेट की बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष से श्रेयांस पारणा समिति की ओर से होसपेट में भी एकान्तर तप, वर्षीतप करने वाले तपस्वियों का पारणा प्रारम्भ किया जाएगा। समिति बेंगलूरु, हुब्बल्ली और मैसूर में पहले से ही यह सेवा प्रदान कर रही है।
बैठक में समिति के संस्थापक सदस्य मिठ्ठूलाल लोढ़ा (बेंगलूरु) और कैलाश चन्द्र दक (हुब्बल्ली) विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने संघ के समक्ष प्रस्ताव रखा जिसे पदाधिकारियों ने सहर्ष स्वीकार किया।
समिति पिछले दो वर्षों से बेंगलूरु तथा पिछले एक वर्ष से हुब्बल्ली और मैसूर में तपस्वियों को जैन परंपरा अनुसार सुव्यवस्थित एवं नि:शुल्क पारणा करवा रही है।
इस वर्ष होसपेट में तपस्वियों का पचखाण 11 मार्च को कराया जाएगा तथा प्रथम पारणा 12 मार्च को सम्पन्न होगा।
बैठक में गौतम चन्द्र भंसाली, शान्तिलाल विनायकिया, पारसमल पालरेचा, महावीर पालरेचा, कपूरचन्द कवाड़, अतुलभाई कानूगा, सिद्धार्थ मेहता, महावीर धानेशा सहित अनेक प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।
तपस्या प्रारम्भ करने के इच्छुक होसपेट निवासी सभी संप्रदाय के जैन श्रद्धालुओं को समिति द्वारा शीघ्र ही विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

