पति की जगह पत्नी के नाम जारी कर दिया मृत्यु प्रमाण पत्र

एक साल से सुधार के लिए भटक रही विधवा

चित्रदुर्ग. मोलकाल्मूरु तालुक सरकारी अस्पताल की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक मृत व्यक्ति के बजाय उसकी जीवित पत्नी के नाम मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है। इस गलती के कारण महिला पिछले एक वर्ष से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होकर दर-दर भटक रही है।

नगर के दवलप्पन बीदी (मार्ग) निवासी डी. पुष्पावती के पति सी. तिम्मराजु का 28 नवंबर 2024 को बीमारी से निधन हुआ था। पति के निधन के बाद पुष्पावती ने अस्पताल से मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। प्रारंभिक प्रमाण पत्र में मृतक की माता का नाम गलत दर्ज था। सुधार के लिए पुन: आवेदन करने पर अस्पताल ने संशोधित प्रमाण पत्र दिया, लेकिन उसमें मृतक के स्थान पर पुष्पावती का नाम दर्ज कर दिया गया।

यह चौंकाने वाली त्रुटि तब उजागर हुई जब पुष्पावती ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से जाति-आय प्रमाण पत्र के लिए दस्तावेज जमा किए। अस्पताल कर्मचारियों ने सुधार का आश्वासन दिया, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला का कहना है कि पिछले तीन महीनों से कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं।

इस गलती के कारण पुष्पावती को विधवा पेंशन, अन्नभाग्य, गृहलक्ष्मी योजना जैसी सरकारी गारंटी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही, आठवीं कक्षा में पढ़ रहे बेटे की पढ़ाई के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र भी नहीं बन पा रहे हैं। मजबूरी में वह संडूर तालुक के तोरणगल में मजदूरी कर बेटे का भविष्य संवारने की कोशिश कर रही हैं।

इस संबंध में अस्पताल के प्रशासनिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेंकटेश ने कहा कि यह घटना मेरे कार्यकाल से पहले की है। मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देकर त्रुटि सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, महिला का कहना है कि अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *