15 अप्रेल को आएगा अंतिम निर्णय
योगीश गौड़ा हत्या मामले में विधायक विनय कुलकर्णी सहित 21 आरोपियों पर सुनवाई
विशेष अदालत ने बढ़ाई तारीख
हुब्बल्ली. पिछले आठ वर्षों से कर्नाटक की राजनीति में चर्चित योगीश गौड़ा गौडर हत्याकांड में बहुप्रतीक्षित अंतिम फैसला एक बार फिर टल गया है। गुरुवार को जनप्रतिनिधियों की विशेष अदालत द्वारा निर्णय सुनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन अंतिम क्षणों में अदालत ने सुनवाई को 15 अप्रेल तक स्थगित कर दिया।
क्या है पूरा मामला
यह मामला 15 जून 2016 का है, जब धारवाड़ में जिला पंचायत के पूर्व सदस्य योगीश गौड़ा गौडर की निर्मम हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे संपत्ति विवाद को कारण मानते हुए छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
सीबीआई जांच से आया नया मोड़
परिवार के दबाव और मामले की गंभीरता को देखते हुए सितंबर 2019 में जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई। सीबीआई जांच में यह मामला राजनीतिक साजिश से जुड़ा बताया गया, जिससे पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया।
विनय कुलकर्णी की गिरफ्तारी और आरोपपत्र
जांच के दौरान पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी को 5 नवंबर 2020 को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। विस्तृत जांच के बाद एजेंसी ने कुल 21 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया।
जमानत पर हैं मुख्य आरोपी
फिलहाल मामले के मुख्य आरोपी विनय कुलकर्णी जमानत पर बाहर हैं और अदालत में नियमित रूप से पेश हो रहे हैं।
अगली सुनवाई पर टिकी नजरें
अब इस बहुचर्चित मामले में सभी की नजरें 15 अप्रेल पर टिकी हैं, जब अदालत द्वारा अंतिम फैसला सुनाए जाने की संभावना है। यह निर्णय न केवल पीडि़त परिवार के लिए, बल्कि राज्य की राजनीति के लिए भी अहम माना जा रहा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

