प्रल्हाद जोशी ने किया सवाल
हुब्बल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि “अगर किसी दूसरे धर्म के लोग जितने चाहें उतने बच्चे पैदा करें तो कांग्रेस को कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन हिंदुओं के मामले में जब मोहन भागवत आह्वान करते हैं तो कांग्रेस विरोध में खड़ी हो जाती है।”
उन्होंने कहा कि मोहन भागवत की “हम दो, हमारे तीन” वाली बात का वह समर्थन करते हैं।
कांग्रेस की आलोचना
जोशी ने आरोप लगाया कि टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने अमित शाह के खिलाफ बयान दिए और कांग्रेस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ। “ये उनकी मानसिकता और स्तर को दिखाता है। कांग्रेस नेता हार की हताशा में इस तरह की बातें कर रहे हैं, लेकिन जनता उन पर भरोसा नहीं करती।”
अवैध घुसपैठ पर निशाना
उन्होंने कहा कि हुब्बल्ली समेत कई जगहों पर अवैध घुसपैठिए आ चुके हैं। “ये घुसपैठिए हमारे अधिकार छीन रहे हैं। देश में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ संघर्ष जारी है। लेकिन कांग्रेस वोट बचाओ आंदोलन नहीं, बल्कि घुसपैठियों को बचाने का आंदोलन चला रही है।”
प्रधानमंत्री का चीन दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चीन दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने कहा कि वे दो दिन के लिए सम्मेलन में भाग लेने चीन गए हैं। “मेक इन इंडिया और स्वदेशी मंत्र को आगे बढ़ाना प्रधानमंत्री मोदी का उद्देश्य है। विदेश मामलों पर आधिकारिक रूप से संबंधित विभाग प्रतिक्रिया देगा।”

