
शेट्टर ने दी भाजपा को चुनौती
हुब्बल्ली. हुब्बल्ली-धारवाड़ सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार जगदीश शेट्टर ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि हमारे लिए पार्टी महत्वपूर्ण है व्यक्ति नहीं कहने वाले भाजपा नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना चुनाव कराएं।
शहर में सोमवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शेट्टर ने कहा कि किसी भी पार्टी के लिए व्यक्ति जितना महत्वपूर्ण होता है, व्यक्ति के लिए पार्टी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। बेंगलूरु में प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, पार्टी के वरिष्ठ नेता बी.एस. येडियूरप्पा और पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा कहां थे? इससे पता चलता है कि प्रदेश भाजपा नेतृत्व किस ओर बढ़ रहा है।
इन सबके पीछे है बी.एल. संतोष
उन्होंने कहा कि भाजपा में लिंगायत नेताओं को हशिए पर ढकेलने की सुनियोजित साजिश चल रही है। बी.एस. येडियूरप्पा को मुख्यमंत्री पद से क्यों हटाया गया? अगर उम्र के कारण हटाया है तो उन्हें चुनाव प्रचार के लिए क्यों इस्तेमाल किया जा रहा है? इन सबके पीछे बी.एल. संतोष है। येडियूरप्पा ने खुद एक बार पहले भी उनके बारे में नाराजगी जाहिर की थी।
भाजपा की चाल
शेट्टर ने कहा कि लिंगायतों के बारे में संतोष का बयान झूठा बताने वाली भाजपा को क्या इसकी सत्यता की जांच नहीं करनी चाहिए? जांच कराने के बजाए सिर्फ पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर खामोश क्यों हो गए? ऐसा तब भी हुआ था जब इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नळीनकुमार कटील का ऑडियो सामने आया था। जब सुविधाजनक हो तो चुप रहें और जब असुविधाजनक हो तो झूठ बोलें यह भाजपा की चाल है।
आगामी चुनाव पर भी पड़ेगा असर
उन्होंने कहा कि मेरे कांग्रेस में शामिल होने के बाद, भाजपा में मेरे कई समर्थकों ने मेरे साथ कांग्रेस में शामिल होने की पेशकश की। इसका पता चलते ही भाजपा नेता उन सभी को बुला कर शेट्टर के साथ न जाने की धमकी दे रहे हैं। हाल ही में पार्टी में शामिल हुए कुरुबा समुदाय के शांतन्ना कडिवाल को दिन भर इस तरह के फोन आते रहे। केंद्रीय मंत्री जोशी को पता होना चाहिए कि भाजपा को इस चुनाव में बड़ा नुकसान होगा और इसका असर आगामी चुनाव पर भी पड़ेगा।
कभी पूरा नहीं होगा भाजपा का सपना
शेट्टर ने कहा कि मेरे कांग्रेस में शामिल होने के बाद सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्र देश का ध्यान आकर्षित कर रहा है। भाजपा छल-कपट से मुझे हराने का प्रयास कर रही है। भाजपा के राज्य और राष्ट्रीय नेता मेरे खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। वे अपने उम्मीदवार के बारे में कुछ नहीं कह रहे हैं। मुझे हराने का भाजपा का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
जोशी को ही कैबिनेट का दर्जा क्यों दिया गया?
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में दलित समुदाय के ए. नारायणस्वामी, ओक्कालिगा की शोभा करंदलाजे, लिंगायत समुदाय के भगवंत खूबा को राज्य मंत्री बनाया गया, केवल प्रहलाद जोशी को ही कैबिनेट का दर्जा क्यों दिया गया? केंद्रीय स्तर पर जोशी को कर्नाटक के प्रतिनिधि के तौर पर पेश किया जा रहा है। यह एक बड़ा संदेश है कि कर्नाटक में 25 सीटें जीतने वाली भाजपा का नेतृत्व किस ओर बढ़ रहा है। राज्य भाजपा की कमान संभालने वालों को जी हुजूर कहने वाले विधायकों की जरूरत है न कि समुदाय के नेताओं की। पूर्व सांसद मंजुनाथ कुन्नूर भी थे, सिर्फ जोशी को कैबिनेट दर्जे का दर्जा क्यों दिया गया?