
केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा
हुब्बल्ली. केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान कोई घोटाला नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या को जांच कराने दीजिए। हमें कोई आपत्ति नहीं है।शहर में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जोशी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं चुनाव से पहले घोषित गारंटी योजनाओं को पहली मंत्रिमंडल की बैठक में लागू करने की बात कही है। अब उन्होंने केवल सैद्धांतिक मंजूरी मात्र दी है। उन्हें अपने वादों को पूरा करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। झूठ बोलने में कांग्रेस पार्टी माहीर और मशहूर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा है कि राज्य को केंद्र से कम अनुदान मिल रहा है। पूर्व में 700-800 करोड़ रुपए डिवॉल्यूशन फंड (विकेन्द्रीकरण कोष) आता था। 2019-20 में 7578 करोड़ रुपए और 2021-22 में 7862 करोड़ रुपए आया है। प्रतिवर्ष डिवॉल्यूशन फंड में ज्यादा पैसा आ रहा है।