निवेश के नाम पर महिला को बनाया शिकार
दूसरी घटना में जिलाधिकारी के नाम पर 50 हजार रुपए ऐंठे
हावेरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर बनाए गए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) वीडियो के जरिए निवेश के नाम पर एक महिला से 20.87 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला साइबर, आर्थिक एवं मादक पदार्थ नियंत्रण (सीइएन) थाने में मामला दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर दिखा फर्जी निवेश विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, जिले की एक महिला के साथ यह धोखाधड़ी हुई। उनके पति की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आरोपियों ने निर्मला सीतारमण और प्रियंका गांधी के एआइ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे। वीडियो में दोनों नेताओं के नाम से निवेश कर भारी मुनाफा मिलने का दावा किया गया था।
शिकायत के अनुसार, महिला ने 28 मार्च 2026 को अपने पति के मोबाइल पर फेसबुक देखते समय ‘बीएक्सबी ट्रेडिंग मार्केट’ का विज्ञापन देखा। वीडियो में दावा किया गया था कि 22 हजार रुपए के निवेश से 25 लाख रुपए का लाभ मिला। इसे वास्तविक मानकर महिला ने विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। आरोपियों के झांसे में आकर उन्होंने भेजे गए लिंक से पंजीकरण कराया और बाद में आरटीजीएस तथा आइएमपीएस के जरिए चरणबद्ध तरीके से 22.87 लाख रुपए जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी संपर्क से बाहर हो गए।
जिलाधिकारी के नाम पर 50 हजार रुपए की ठगी
चिक्कमगलूरु। दूसरी घटना में जिलाधिकारी भंवर सिंह मीणा के नाम और तस्वीर वाले फर्जी व्हाट्सऐप खाते से खाद्य विभाग के उपनिदेशक योगानंद को संदेश भेजकर 50 हजार रुपए ठग लिए गए।
8 अगस्त को दोपहर करीब 1.22 बजे आए संदेश में उनसे एक बैंक खाते में 50 हजार रुपए भेजने को कहा गया। इसे जिलाधिकारी का संदेश समझकर योगानंद ने हेमण्णागौड़ा गुड्डण्णागौड़ा पाटील के खाते में एटीएम डिपॉजिटर के जरिए रकम जमा कर दी। बाद में संदेह होने पर उन्होंने जिलाधिकारी के निजी सहायक से संपर्क किया। तब फर्जी खाते का पता चला। योगानंद ने सोमवार को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

