डॉ. जी. परमेश्वर ने की घोषणा
कलबुर्गी में पासिंग-आउट परेड
आंतरिक आरक्षण विवाद सुलझने के बाद भर्ती प्रक्रिया को हरी झंडी
कलबुर्गी. गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने घोषणा की कि अनुसूचित जाति के भीतर आंतरिक आरक्षण से जुड़ी समस्या सुलझने के बाद 8,000 पुलिस पदों पर रुकी हुई भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। वे नागनहल्ली पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित पासिंग-आउट परेड के दौरान प्रशिक्षुओं को संबोधित कर रहे थे।
भर्ती प्रक्रिया को मिली गति
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि आरक्षण का समुचित विभाजन हो चुका है, जिसके चलते अब पुलिस भर्ती बोर्ड शीघ्र ही चयन प्रक्रिया शुरू करेगा। खाकी केवल नौकरी नहीं, बल्कि सेवा का धर्म है। इसे पहनने का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता।
‘पुलिस सेवा का मूल उद्देश्य—जनसेवा’
डॉ. जी. परमेश्वर ने नए अधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें थानों में आने वाले पीडि़तों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर तत्काल समाधान करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से गरीब, वंचित, अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति-जनजाति समुदायों की मदद करने पर जोर दिया, ताकि उन्हें मुख्यधारा में लाया जा सके।
तकनीक से सशक्त पुलिसिंग
उन्होंने कहा कि आधुनिक अपराधों से निपटने के लिए पुलिस को ड्रोन, सीसीटीवी और बॉडी कैमरे जैसे उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि 2024 में 24,000 और 2025 में 14,000 डिजिटल गिरफ्तारी व साइबर फ्रॉड के मामले दर्ज किए गए हैं, जिनसे निपटने के लिए विशेष नीति लागू की गई है।
ड्रग-फ्री कर्नाटक का लक्ष्य
गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ‘नशा-मुक्त कर्नाटक’ बनाना है और पुलिस विभाग को इस दिशा में सख्ती से काम करना होगा। नागनहल्ली प्रशिक्षण केंद्र से अब तक लगभग 8,000 पुलिसकर्मी प्रशिक्षित हो चुके हैं।
ईमानदारी और अनुशासन जरूरी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर डॉ. एम.ए. सलीम ने कहा कि पुलिस सेवा देश की आंतरिक सुरक्षा की रीढ़ है। प्रशिक्षुओं को ईमानदारी और अनुशासन के साथ काम करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा।
उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं का सम्मान
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम में अल्लमप्रभु पाटिल, जगदेव गुत्तेदार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशिक्षुओं के अभिभावक उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

