विश्व धर्म ऑटिज्म स्कूल में समाजसेवियों ने बांटी खुशियां
हुब्बल्ली. शहर के उणकल क्षेत्र स्थित विश्व धर्म ऑटिज्म स्कूल में इस वर्ष होली का त्योहार मानसिक रूप से विशेष बच्चों के साथ उत्साह और स्नेह के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में देसाई एंटरप्राइज के चंद्रकांत देसाई, कल्याणी कुमार (देसाई), विनीत गोलेचा और परम मेहता ने भाग लेकर बच्चों के साथ रंगों का आनंद साझा किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों के साथ रंगों से होली खेली और मिठाइयों के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। सभी ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनके साथ खुशियां बांटी। रंगों के इस उत्सव में बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि चंद्रकांत देसाई और कल्याणी कुमार कई वर्षों से सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। वर्ष 1993 से वे लगातार इस संस्था के विशेष बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री का सहयोग करते आ रहे हैं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
विद्यालय प्रशासन ने उनके इस सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से विशेष बच्चों को समाज से जुड़ाव और प्रेरणा मिलती है, जिससे उनके आत्मविश्वास को भी बल मिलता है।

