मुंडगोड में कटाई शुरू होते ही चारे की मांग बढ़ी
पशुपालकों के साथ अदरक उत्पादक भी कर रहे अग्रिम खरीदारी
एक गठ्ठर 180 से 200 रुपए में बिक रहा
पिछले साल के मुकाबले 30 से 40 रुपए की बढ़ोतरी
मुंडगोड (उत्तर कन्नड़)। कम बारिश से इस साल धान की फसल प्रभावित हुई है। बालियों में दाने कम भरने से किसानों को अपेक्षित उपज नहीं मिली, लेकिन सूखे पुआल की मांग बढऩे से उन्हें कुछ अतिरिक्त आमदनी की उम्मीद है। कटाई शुरू होते ही पशुपालकों और अदरक उत्पादकों ने इसकी खरीदारी तेज कर दी है।
हार्वेस्टर से धान की कटाई के साथ मशीनों से पुआल के गठ्ठर बनाए जा रहे हैं। हरे चारे की कमी के कारण पशुपालक अगले मानसून तक के लिए इसका भंडारण कर रहे हैं। मुंडगोड के अलावा सिरसी और यल्लापुर के पशुपालक भी यहां से चारा खरीद रहे हैं।
एक गठ्ठर 200 रुपए तक
फिलहाल सूखे पुआल का एक गठ्ठर 180 से 200 रुपए में बिक रहा है। पिछले साल के मुकाबले कीमत 30 से 40 रुपए बढ़ी है। बारिश में भीगे पुआल के दाम 10 से 20 रुपए कम मिल रहे हैं।
प्रगतिशील किसान शिवकुमार के अनुसार, कम बारिश और धान की खेती का रकबा घटने से पुआल की उपलब्धता कम हुई है। वहीं, पशुपालन वाले क्षेत्रों से मांग बढऩे के कारण मुंडगोड का चारा आसपास के तालुकों तक पहुंच रहा है।
अदरक की खेती से बढ़ी मांग
अदरक की फसल में सूखे पुआल का उपयोग होता है। दिसंबर-जनवरी में खेती शुरू करने वाले किसान अभी से इसका भंडारण कर रहे हैं, ताकि बाद में कमी या महंगे दामों का सामना न करना पड़े।
किसान नेता फकीरप्पा होसमनी के मुताबिक, अदरक उत्पादकों की अग्रिम खरीदारी से मांग बढ़ी है। पिछले साल की तुलना में प्रत्येक गठ्ठर के दाम 30 से 40 रुपए तक बढ़ चुके हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

