कर्नाटक विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
हुब्बल्ली. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से कर्नाटक विश्वविद्यालय धारवाड़ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहयोग से आयोजित मीडिया फेस्ट-2026 की विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता बने पत्रकारिता के विद्यार्थियों को मंगलवार को आयोजित समापन समारोह में पुरस्कार प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम 9 मार्च को कर्नाटक विश्वविद्यालय के कनक अध्ययन पीठ सभागार में आयोजित किया गया था।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्रों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम ने युवा पत्रकारों को अपनी रचनात्मकता और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। आयोजकों के अनुसार यह मंच विद्यार्थियों में कलात्मक और सृजनात्मक सोच को विकसित करने के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।
कर्नाटक विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शंकरप्पा वणिक्याल, विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. ए.एस. बालासुब्रमण्यम, कर्नाटक राज्य कार्यरत पत्रकार संघ के धारवाड़ जिला अध्यक्ष बंडू कुलकर्णी, वरिष्ठ पत्रकार मल्लिकार्जुन सिद्दन्नवर, पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजीवकुमार मालगत्ती, प्राध्यापक प्रो. जे.एम. चंदुनवर, सूचना विभाग के उपनिदेशक गुरुनाथ कडबूर और सहायक निदेशक डॉ. सुरेश हिरेमठ ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
स्नातक स्तर की प्रतियोगिताओं में स्क्रिप्ट लेखन, रील्स मेकिंग (मोबाइल जर्नलिज्म), रेडियो जॉकी, वॉक-थ्रू पीटीसी और लघु साक्षात्कार जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं थी। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया था। सबसे अधिक प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर कर्नाटक कॉलेज ऑफ आर्ट्स ने स्नातक वर्ग में चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
वहीं स्नातकोत्तर वर्ग में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस वर्ग में बेलगावी के रानी चन्नम्मा विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने सर्वाधिक प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज कर चैंपियन ट्रॉफी हासिल की।
कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

