परीक्षा को निष्पक्ष व सुचारू रूप से कराने के निर्देशएसएसएलसी परीक्षा की तैयारियों को लेकर धारवाड़ में आयोजित पूर्व तैयारी बैठक को संबोधित करतीं जिलाधिकारी स्नेहल।

एसएसएलसी परीक्षा 18 मार्च से शुरू होगी

हुब्बल्ली. मार्च-अप्रेल 2026 में आयोजित होने वाली एसएसएलसी (10वीं) परीक्षा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को धारवाड़ में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिलाधिकारी स्नेहल की अध्यक्षता और जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश पाटिल की उपस्थिति में विद्यागिरि स्थित जनता शिक्षा समिति के उत्सव हॉल में आयोजित हुई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के मुख्य अधीक्षक, प्रश्नपत्र संरक्षक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

जिले के सात तालुकों में कुल 105 परीक्षा केंद्रों पर 18 मार्च से 2 अप्रेल 2026 तक एसएसएलसी परीक्षा आयोजित की जाएगी। बैठक में परीक्षा को सुचारु, पारदर्शी और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी स्नेहल ने कहा कि आज के विद्यार्थी संवेदनशील होते हैं, इसलिए परीक्षा केंद्रों पर उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना चाहिए। विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें सकारात्मक माहौल देने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल, शौचालय, पंखे तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश पाटिल ने कहा कि जिले में पिछले एक वर्ष से विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम बढ़ाना ही नहीं बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाना है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष छह विद्यालयों का परिणाम शून्य रहा था, इसलिए कमजोर छात्रों को प्रेरित करने और उन्हें पुनरावृत्ति (रिवीजन) के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान देना होगा। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था रखने और कर्मचारियों के माध्यम से छात्रों को पानी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षा विभाग के उपनिदेशक एस.एस. केलदिमठ ने कहा कि इस वर्ष “भयमुक्त परीक्षा केंद्र” बनाना विभाग का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बेहतर तैयारी के बल पर जिला इस वर्ष राज्य में शीर्ष दस स्थानों में जगह बना सकता है।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी एस.एन. होन्नकेरी, उपकोषाधिकारी प्रकाश हलपेट, पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य, सहायक पुलिस आयुक्त सोमनगौडा, डीआईईटी प्राचार्य बसवराज नालत्वाड सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, सभी तालुकों के क्षेत्र शिक्षा अधिकारी और परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक उपस्थित थे।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *