औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता-2020 पर अधिकारियों और खनन संचालकों को दी जानकारी
हुब्बल्ली. धारवाड़ जिला प्रशासन, खान एवं भूविज्ञान विभाग धारवाड़ तथा डीजीएमएस बल्लारी के संयुक्त तत्वावधान में “औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य परिस्थितियां संहिता-2020” विषय पर बुधवार को एक दिवसीय जागरूकता एवं व्याख्यान कार्यशाला का आयोजन किया गया था।
कार्यक्रम बुधवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धारवाड़ के कर्नाटक कुलपुरोहित आलूर वेंकटराव सभा भवन में आयोजित किया गया था। कार्यशाला का उद्देश्य पत्थर खदानों और क्रशर इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य परिस्थितियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर धारवाड़ जिले के सभी पत्थर खनन ठेकेदारों और जेली स्टोन क्रशर इकाइयों के मालिकों ने भाग लिया था। कार्यक्रम में खनन कार्यों के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता-2020 के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके साथ ही खान एवं भूविज्ञान विभाग की ओर से शुरू की गई ऑनलाइन डीसीबी प्रणाली के बारे में भी खनन ठेकेदारों को प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रणाली से खनन से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगी।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और खनन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

