अतिरिक्त आयुक्त की औचक जांच में खुला मामला
एसएसएलसी परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को भेजा गया घर
धारवाड़. जिले के कलघटगी तालुक में स्थित हिरेहोन्नल्ली गांव के सरकारी हाईस्कूल में समय से पहले स्कूल बंद करने का मामला सामने आया है। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. ईश्वर उलागड्डी की औचक जांच के दौरान यह लापरवाही उजागर हुई।
अतिरिक्त आयुक्त एसएसएलसी परीक्षा परिणाम सुधार और वार्षिक परीक्षा की तैयारी का निरीक्षण करने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे स्कूल पहुंचे। उस समय स्कूल में ताला लगा हुआ था और विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले ही घर भेज दिया गया था।
स्कूल का निर्धारित समय सुबह 10.30 से शाम 5 बजे तक है। इसके बावजूद स्कूल को समय से पहले बंद कर देना गंभीर लापरवाही माना गया है।
इस घटना के बाद अतिरिक्त आयुक्त ने स्कूल के मुख्याध्यापक सहित सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि 18 मार्च से एसएसएलसी परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं और विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद छात्रों को पहले ही घर भेजना कर्तव्य में लापरवाही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई कर्नाटक सिविल सेवा नियम, 1957 के नियम 12 के तहत की गई है। सभी संबंधित शिक्षकों को नोटिस प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देना होगा, अन्यथा नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है।

