ईद-उल-फितर नमाज को लेकर अंजुमन की अपील
ईदगाह मैदान के आसपास फ्लाईओवर निर्माण
हुब्बल्ली. शहर के ईदगाह मैदान के आसपास फ्लाईओवर निर्माण कार्य चलने के कारण फैली निर्माण सामग्री और मलबे को देखते हुए हुब्बल्ली अंजुमन ए इस्लाम संस्था ने ईद-उल-फितर की सामूहिक नमाज के लिए आने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। संस्था ने बुजुर्गों और बच्चों को इस बार ईदगाह मैदान में न लाने का अनुरोध किया है।
संस्था के अध्यक्ष एएम हिन्डसगेरी और अन्य पदाधिकारियों ने ईदगाह मैदान का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से मैदान की साफ-सफाई और अस्थायी रूप से जमीन समतल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की।
अंजुमन संस्था के मानद सचिव बशीर अहमद हल्लूर ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते आसपास की सडक़ों पर लोहे की रॉड, सरिया, पत्थर, लोहे की चादरें, मिट्टी और गंदा पानी जमा हो गया है। इससे पहले ही आम लोगों की आवाजाही और वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। सामूहिक नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग एक साथ पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ और जल्दबाजी के कारण किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
हर वर्ष ईदगाह मैदान में हजारों लोग सामूहिक नमाज अदा करते हैं, लेकिन निर्माण कार्य के कारण इस वर्ष उतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना मुश्किल माना जा रहा है।
अंजुमन संस्था के अनुसार, ईद-उल-फितर की सामूहिक नमाज 20 या 21 मार्च को आयोजित होने की संभावना है। संतोष नगर स्थित ईदगाह मैदान में सुबह 10 बजे, मंटूर रोड के मिल्लत ईदगाह मैदान में 10.05 बजे, पुरानी हुब्बल्ली ईदगाह मैदान में 10.25 बजे तथा नए हुब्बल्ली (चनम्मा सर्कल के पास) ईदगाह मैदान में 10.35 बजे सामूहिक नमाज अदा की जाएगी।

