29 गांवों के लिए सुरक्षा व्यवस्था कमजोर
शिकायत दर्ज कराने तक का अधिकार नहीं
20 किमी दूर होन्नाली जाने को मजबूर
सास्वेहल्ली (दावणगेरे). दावणगेरे जिले के होन्नाली तालुक का प्रमुख होबली (राजस्व) केंद्र सास्वेहल्ली आज भी पूर्ण पुलिस थाना से वंचित है। 29 गांवों के इस बड़े क्षेत्र में सुचारु पुलिस व्यवस्था नहीं होने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है और स्थानीय नागरिक लगातार यहां स्थायी पुलिस थाना स्थापित करने की मांग कर रहे हैं।
कुछ वर्ष पहले यह क्षेत्र न्यामति थाना के अधिकार क्षेत्र में था और सास्वेहल्ली में एक आउटपोस्ट भी कार्यरत था। लेकिन बाद में होन्नाली पुलिस थाना बनने के बाद तकनीकी कारणों का हवाला देकर इस आउटपोस्ट को बंद कर दिया गया। जनता के लगातार दबाव के बाद कुछ महीने पहले पुराने सिंचाई विभाग के भवन में तीन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि शांति-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
हालांकि इन कर्मचारियों को शिकायत दर्ज करने का अधिकार नहीं है। यहां बैठने वाले इस अस्थायी केंद्र का कोई आधिकारिक नाम भी नहीं है और वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण की भी व्यवस्था नहीं है। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था नाम मात्र की रह गई है और यहां पूर्ण पुलिस थाना स्थापित करना चाहिए।
लिंगापुर के किसान नेता मल्लेशाचारी का कहना है कि इलाके में सुपारी बागानों से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिंचाई पंपसेट से जुड़े उपकरणों की चोरी, जमीन कब्जे के मामले और नदी की रेत का अवैध खनन भी आम हो गया है। पूर्ण पुलिस थाना नहीं होने से इन गतिविधियों पर रोक लगाना मुश्किल हो रहा है।
बीरगोंडनहल्ली के परमेश के अनुसार क्षेत्र में चोरी और हत्या जैसी घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जबकि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले मादक पदार्थों की बिक्री भी जारी है।
सास्वेहल्ली के तिप्पेश टी. ने बताया कि गांवों में मटका और अवैध जुआ के अड्डे बढ़ते जा रहे हैं। सास्वेहल्ली प्रमुख संपर्क केंद्र होने के कारण सडक़ दुर्घटनाएं भी अधिक होती हैं, लेकिन तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिलने से कई बार जान का नुकसान हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-बड़ी शिकायत दर्ज कराने के लिए भी उन्हें करीब 20 किलोमीटर दूर होन्नाली जाना पड़ता है। इस दूरी के कारण कई लोग शिकायत दर्ज कराने से ही बचते हैं, जिसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि सास्वेहल्ली में पूर्ण पुलिस थाना स्थापित कर पर्याप्त पुलिसकर्मी, वाहन और एक पुलिस उपनिरीक्षक की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि 29 गांवों के लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कूलंबी में ही एक आउटपोस्ट कार्यरत
इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि सास्वेहल्ली क्षेत्र संवेदनशील होने के कारण फिलहाल अस्थायी तौर पर तीन कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वर्ष 2022 में होन्नाली सीपीआई कार्यालय को इंस्पेक्टर स्तर के थाना में परिवर्तित किया गया था और वर्तमान में पूरे क्षेत्र की शिकायतों का निपटारा वहीं से किया जा रहा है। फिलहाल इस क्षेत्र में केवल कूलंबी में ही एक आउटपोस्ट कार्यरत है।

