एसपी गुंजन आर्य ने की अपील
घबराहट में खरीदारी से कृत्रिम कमी का खतरा
प्लास्टिक बोतलों में पेट्रोल बिक्री पर सख्त रोक
हुब्बल्ली. धारवाड़ जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुंजन आर्य ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से संयम बरतने और अनावश्यक रूप से ईंधन जमा न करने की अपील की है।
एसपी गुंजन आर्य ने जारी बयान में कहा कि हाल के दिनों में पेट्रोल पंपों पर असामान्य भीड़ देखी गई है, जहां लोग डर के कारण जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की घबराहट से कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं और ग्राहकों को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
जिलाधिकारी और पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में भी यह पुष्टि की गई है कि जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और भविष्य में भी कोई कमी नहीं होगी।
कड़े निर्देश जारी
एसपी ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलियम अधिनियम 1934 और पेट्रोलियम नियम 2002 के तहत प्लास्टिक बोतलों में पेट्रोल की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे गंभीर सुरक्षा खतरे उत्पन्न हो सकते हैं। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को इस नियम का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पेट्रोल पंपों पर अनुशासन बनाए रखें और कर्मचारियों के साथ सौजन्यपूर्ण व्यवहार करें। समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

