आय सीमा 1.20 लाख रुपए से बढ़ाकर 3 लाख रुपए करने पर विचार
दो महीने में अंतिम फैसला संभव
हुब्बल्ली. कर्नाटक में बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की तैयारी चल रही है। राज्य सरकार बीपीएल कार्ड के लिए वार्षिक आय सीमा को मौजूदा 1.20 लाख रुपए से बढ़ाकर 3 लाख रुपए करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के.एच. मुनियप्पा ने विधानसभा में यह महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए संकेत दिया कि इस प्रस्ताव पर जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
मंत्री ने बताया कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए 1.20 लाख रुपए की आय सीमा अब व्यवहारिक नहीं रह गई है। इसी कारण सरकार आय सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाए हुए है। प्रशासनिक सुधार आयोग ने भी आय सीमा को 3 लाख रुपए तक बढ़ाने की सिफारिश की है, जिससे अधिक जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
के.एच. मुनियप्पा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आय सीमा बढ़ाना आवश्यक है। सरकार इस दिशा में सकारात्मक सोच रखती है और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, ताकि अधिक पात्र लोगों को लाभ मिल सके।
राज्य में फिलहाल लगभग 4.5 करोड़ बीपीएल कार्डधारक हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने करीब 7.76 लाख लाभार्थियों को बीपीएल श्रेणी के लिए अयोग्य बताया है। इसके चलते राज्य सरकार पात्रता की समीक्षा कर रही है और अपात्र लोगों को एपीएल (गरीबी रेखा से ऊपर) श्रेणी में स्थानांतरित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया लगभग 50 प्रतिशत पूरी हो चुकी है।
समीक्षा पूरी होने के बाद ही नए बीपीएल कार्ड जारी किए जाएंगे। इस बीच, भाजपा नेता सी.एन. अश्वत्थनारायण ने भी मौजूदा आय सीमा को अव्यवहारिक बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की थी, जिस पर सरकार ने सहमति जताई है।
सरकार के अनुसार, इस मुद्दे पर जल्द ही एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जाएगी और अगले दो महीनों के भीतर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। यदि प्रस्ताव लागू होता है, तो राज्य के लाखों नए परिवार बीपीएल श्रेणी में शामिल होकर राशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

