मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
अलवंडी (कोप्पल). निकटवर्ती घट्टिरड्डीहाल-मुंडरगी और मुरलापुर-मुंडरगी सडक़ें पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी हैं, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सडक़ की वजह से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इन सडक़ों पर यलबुर्गा, कुकनूर जैसे कस्बों के साथ कवलूर, बन्निकोप्पा समेत कई गांवों के लिए बाइक, बस और ऑटो रिक्शा जैसे वाहनों का नियमित आवागमन होता है। लेकिन सडक़ की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे यात्रा करना जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सडक़ पूरी तरह उखड़ चुकी है और वाहन गड्ढों में हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। कई बार बाइक सवार गड्ढों से बचने के प्रयास में फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लंबे समय से सडक़ मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सडक़ की मरम्मत नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सडक़ की हालत सुधारने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

