दो छोटे सिलेंडर फटे, बड़ा हादसा टला; 20 मजदूर प्रभावित
रायचूर. मंत्रालय स्थित सुयतींद्र तीर्थ कॉलोनी में बुधवार को मजदूरों के शेड में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की चपेट में आने से शेड में रखे दो छोटे गैस सिलेंडर फट गए। सिलेंडर विस्फोट की आवाज से आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और मंत्रालय पुलिस मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया। अग्निशमन कर्मियों ने शेड में मौजूद अन्य दो सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया।
श्रीराय मठ में भवन निर्माण और टाइल्स लगाने का काम कर रहे मजदूर इन शेडों में रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही मठ के पीठाधीश्वर सुबुधेंद्र तीर्थ स्वामी ने मौके का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रभावित पांच शेडों में रहने वाले करीब 20 मजदूरों को राशन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मामले में मंत्रालय पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
