घर में लाखों की तलाश में घुसे बदमाश
आखिर में रसोई गैस सिलेंडर चोरी कर फरार
कारवार. जिले के अमदल्ली गांव में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां चोर सोना और नकदी की तलाश में घर में घुसे, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगने पर रसोई गैस सिलेंडर ही चोरी कर ले गए।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रेश्मा नायक के घर में हुई। परिवार के लोग दो दिनों के लिए बाहर गए हुए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने घर के सेंट्रल लॉक को तोडक़र अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली। अलमारी और लॉकर खंगाल डाले तथा कपड़े और अन्य सामान इधर-उधर बिखेर दिया। काफी तलाश के बावजूद जब उन्हें घर में नकदी या सोने के आभूषण नहीं मिले, तो वे निराश हो गए।
इसके बाद बदमाश रसोईघर में पहुंचे और वहां रखा भरा हुआ गैस सिलेंडर उठाकर फरार हो गए। तीसरे दिन जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और रसोई गैस सिलेंडर गायब था।
हाल के दिनों में जिले में गैस सिलेंडर आपूर्ति प्रभावित होने से आम लोग पहले ही परेशान हैं। ऐसे में सिलेंडर चोरी की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। मामले को लेकर कारवार ग्रामीण पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
