प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगाया ताला, सडक़ जाम कर किया प्रदर्शन
हुब्बल्ली. विद्युत स्पर्श से घायल हुए बालक को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से उसकी मौत होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने गुडगेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लगाकर नौ घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया।
मृत बालक की पहचान आंबेडकर नगर निवासी मांतेश पुजार (12) के तौर पर की गई है। ग्रामीणों के अनुसार करंट लगने के बाद उसे तुरंत गुडगेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, लेकिन वहां आवश्यक उपचार उपलब्ध नहीं था। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उसे कुंदगोल ले जाने का प्रयास किया गया, परन्तु रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर उपचार और पर्याप्त चिकित्सा सुविधा मिलती तो बालक की जान बचाई जा सकती थी।
एंबुलेंस में ऑक्सीजन तक नहीं था
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि एंबुलेंस में ऑक्सीजन की सुविधा तक उपलब्ध नहीं थी और न ही कोई डॉक्टर मौजूद था जो आपातकालीन उपचार दे सके। ग्रामीणों ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति का प्रमाण बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
ग्रामीणों ने मांग की कि जिला प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी और जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी मौके पर पहुंचें तथा मृतक बालक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और लक्ष्मेश्वर-हुलगूर मार्ग पर सडक़ जाम कर धरने पर बैठ गए। सडक़ के बीच बैठे ग्रामीणों ने वाहनों की आवाजाही रोक दी और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

